ऑपरेशन आघात के तहत हुई कार्रवाई: प्रधान पाठक किराना दुकान की आड़ में बेच रहा था शराब, पुलिस ने दबोचा
जशपुर – जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक अपने पेशे की मर्यादा को ताक पर रखकर अवैध शराब का कारोबार कर रहा था।
फरसाबहार थाना क्षेत्र के खुटगांव गांव में शासकीय स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक पंकज कुमार को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी शिक्षक अपने घर में किराना दुकान की आड़ में शराब बेच रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन आघात के तहत एक विशेष टीम ने आरोपी के घर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के आंगन में बोरी से ढंके हुए कार्टन और जरकिन में रखी शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर 24 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत ₹9,600 आंकी गई है।
पूछताछ में शिक्षक के पास शराब बिक्री या भंडारण का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।

