ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा पटवारी, किसान से मांगी थी घूस
सक्ती – जिले के हसौद तहसील के कैथा गांव में पदस्थ पटवारी रामशरण कश्यप को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब रामशरण एक किसान से उसकी जमीन के रिकॉर्ड सुधारने के बदले पैसे ले रहा था।
जानकारी के अनुसार, किसान की जमीन के दस्तावेजों में कुछ त्रुटि थी, जिसे दुरुस्त करने के लिए पटवारी ने 20 हजार रुपये की मांग की। किसान ने इस पूरे मामले की शिकायत ACB से की, जिसके बाद टीम ने पटवारी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए योजना बनाई और जाल बिछाया।
ACB की टीम ने पटवारी को जैसे ही रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा, मौके पर ही उससे पूरे 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, ACB की टीम आरोपी पटवारी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इससे पहले भी उसने इसी तरह रिश्वत ली है। यदि जांच में अन्य शिकायतें सामने आती हैं, तो आगे और भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

