पटवारी पर हमला: जमीन का सीमांकन करने गए तो पिता-पुत्र ने की मारपीट, कोतवाली थाना में शिकायत
बलरामपुर – जिले में जतरों गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शासकीय काम कर रहे एक पटवारी पर सीमांकन के दौरान हमला कर दिया गया। हमलावरों ने ईंट से वार करते हुए पटवारी को जान से मारने की धमकी भी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी सरकारी भूमि पर आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्थल चिन्हांकन करने के लिए पहुंचे थे। यह कार्य सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया का हिस्सा था।
सीमांकन के दौरान गांव के ही एक पिता-पुत्र ने पटवारी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट से पटवारी के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गए। हमले के बाद पटवारी ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

