भारतमाला प्रोजेक्ट में ACB/EOW की कार्रवाई, प्रदेश के 20 ठिकानों पर छापेमारी
रायपुर – छत्तीसगढ़ में भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर ACB और EOW ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ 20 ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई, आरंग समेत कई जिलों में यह छापेमारी की कार्रवाई की गई है। दोनों एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने इन स्थानों पर दस्तावेज़ों और सबूतों को खंगाला है, जो भारतमाला योजना में हुई गड़बड़ियों से जुड़े हो सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक भारतमाला प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की एक अहम सड़क विकास योजना है, जिसके तहत देशभर में सड़कों का निर्माण और विस्तार किया जा रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ में इस योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। इन आरोपों के घेरे में कुछ अधिकारी और ठेकेदार बताए जा रहे हैं, जिन पर काम में लापरवाही और घोटाले के आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियां अब इन पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।

