अवैध शराब जब्ती के दौरान हंगामा, ग्रामीणों ने आबकारी टीम को बनाया बंधक
कोरबा – जिले के उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेचुल भाटा गांव में सोमवार को अवैध शराब जब्ती के लिए पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
टीम जैसे ही एक ग्रामीण के घर से साढ़े चार लीटर महुआ शराब जब्त कर रही थी, तभी गांव में हंगामा शुरू हो गया और नाराज ग्रामीणों ने आबकारी टीम को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया।
गांव वालों का आरोप था कि पुलिस और आबकारी विभाग के लोग शराब की असली मात्रा से ज्यादा दिखाकर केस बनाते हैं। साथ ही, कार्रवाई न करने के नाम पर मोटी रकम की मांग की जाती है। ग्रामीणों ने इसे जबरन दबाव बनाने की कोशिश बताया।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत किया और मामले को नियंत्रित किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि किसी अधिकारी ने नियमों का उल्लंघन किया है, तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

