March 6, 2026

J&K में आतंकी हमले में राजधानी के कारोबारी की मौत, परिवार सहित छुट्टियां मनाने गए थे

0
cg-news_7efbbe513ff82d25150ef2173b0ddabe

रायपुर – जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने सुकून की वादियों को मातम में बदल दिया।

रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यवसायी दिनेश मिरानिया इस हमले का शिकार हो गए। वे परिवार सहित छुट्टियां मनाने गए थे और घुड़सवारी के दौरान हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इलाज के दौरान उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। दिनेश मिरानिया के साथ उनकी पत्नी नेहा मिरानिया, बेटा शौर्य और बेटी लक्षिता भी मौजूद थे। हालांकि वे सुरक्षित हैं लेकिन मानसिक रूप से पूरी तरह से आहत हैं।

हमले की घटना मंगलवार दोपहर की है, जब पर्यटक पहलगाम में घोड़ों पर सवार होकर वादियों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। चश्मदीदों के अनुसार, हमला करीब 3 से 5 मिनट तक चला। आतंकियों ने खासतौर पर घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों को निशाना बनाया।

हमले में 6 पर्यटक घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। कुछ घोड़े भी गोलियों की चपेट में आए हैं और घायल हो गए हैं। हमले के बाद आतंकवादी मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ और अन्य एजेंसियों ने इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इसके अलावा, क्विक रिएक्शन टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है।

हमले के बाद स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं और पूरे पहलगाम इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।

दिनेश मिरानिया की मौत की खबर जैसे ही रायपुर पहुंची, उनके घर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल छा गया। जान-पहचान वालों और व्यापारिक समुदाय ने इसे एक अप्रत्याशित और दुखद घटना बताया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने दिनेश को श्रद्धांजलि दी और सरकार से दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed