April 25, 2026

नकली नोट खपाने की फिराक में था युवक,दुकानदार के सूझबूझ से पुलिस को दी सूचना, आरोपी गिरफ्तार

0
Screenshot_2025-04-21-21-42-18-81_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_608x501

दुर्ग – जिले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो दुकानदारों को चकमा देकर नकली नोट खपाने की फिराक में था। आरोपी के पास से 500 रुपये के 18 और 200 रुपये के 11 नकली नोट बरामद किए गए हैं। मामला तब उजागर हुआ जब भिलाई-चरोदा के एक दुकानदार को नोट पर शक हुआ और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अब उससे पूछताछ की जा रही है कि वह अकेला था या किसी गिरोह का हिस्सा है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी छोटे दुकानदारों को निशाना बना रहा था, जो आमतौर पर नोट को गहराई से नहीं देखते। नकली नोटों की यह खेप सिर्फ ठगी या आर्थिक नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे आतंकी फंडिंग और काले धन के मामलों की भी आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक इन नोटों की मौजूदगी अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे नकदी लेन-देन करते समय सतर्क रहें और विशेष रूप से 500 रुपये के नोटों को ध्यान से जांचें। अगर किसी को कोई संदिग्ध नोट मिले, तो तुरंत नजदीकी बैंक या पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करें। नोट में सुरक्षा धागा, वॉटरमार्क, माइक्रो-लेटरिंग और UV चेक जैसे फीचर्स भी जांचे जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *