तेज रफ्तार पिकअप नहर में पलटी: 3 महिलाएं और 2 बच्चे लापता, रेस्क्यू जारी
कोरबा – जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार 12 लोगों में से 3 महिलाएं और 2 बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
यह दर्दनाक हादसा उरगा थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग सक्ती जिले से कोरबा में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।
सभी पिकअप वाहन के डाला (बॉडी) में बैठे हुए थे। जैसे ही वाहन मुकुंदपुर गांव के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क किनारे बनी नहर में पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि अन्य यात्री किसी तरह तैरकर बाहर निकले। लेकिन 3 महिलाएं और 2 बच्चे नहर के तेज बहाव में बह गए। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस की टीम ने नगर सेना के गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। साथ ही, सिचाई विभाग को नहर में बहाव कम करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे रेस्क्यू में आसानी हो सके।
जानकारी के मुताबिक, एक टीम सक्ती जिले के नगरदा गांव की ओर भी रवाना की गई है, क्योंकि बहाव के चलते कुछ लोग वहां तक बह सकते हैं। फिलहाल नहर से पिकअप वाहन को बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन लापता लोगों की तलाश जारी है।

