पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत, थाना प्रभारी को किया गया सस्पेंड, पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर आरोप
धमतरी – जिले के अर्जुनी थाना में एक आरोपी की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध मौत हो गई। यह घटना सोमवार रात की है, जब पुलिस ने एक व्यक्ति को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि आरोपी की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि पुलिस ने हिरासत में आरोपी के साथ बर्बरता की, जिसके चलते उसकी जान चली गई। परिजनों का कहना है कि आरोपी के शरीर पर चोटों के निशान थे, जो यह साबित करते हैं कि उसके साथ मारपीट की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धमतरी एसपी ने अर्जुनी थाना प्रभारी सन्नी दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद उन्हें रक्षित केंद्र में अटैच किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को हिरासत में बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी जान चली गई। वे दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, धमतरी के विधायक ने भी इस मामले पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

