उच्च शिक्षा विभाग में 18 लाख रुपए का गबन करने वाला क्लार्क भोपाल में पकड़ाया, रिश्तेदारों के खातों में डाले थे पैसे
रायपुर – छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग में एक ग्रेड-2 क्लर्क आकाश श्रीवास्तव पर 18 लाख रुपये सरकारी राशि गबन करने का आरोप लगा है। रायपुर पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने 2023 से 2025 तक फर्जी तरीके से सरकारी धन को अपने और रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर किया था।

रायपुर के रीजनल उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत एक ग्रेड-2 क्लर्क आकाश श्रीवास्तव ने 18 लाख रुपए का गबन कर फरार हो गया था। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकारी राशि को कई बैंक खातों में जमा कर दिया था। इसके बाद इन खातों से राशि निकाल ली थी। इसका खुलासा होने के बाद बाबू फरार चल रहा था।
मामले में आरोपी बाबू के खिलाफ जांच में सबूत मिलने पर उसे 11 मार्च 2025 को निलंबित कर दिया था। आकाश श्रीवास्तव को निलंबित करने के बाद उसके खिलाफ 18 मार्च को उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक ने सरस्वती नगर थाने में FIR दर्ज कराई।
आरोपी बाबू का घोटाला उजागर होने के बाद वह मौके से फरार हो गया। वह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रह रहा था। जिसकी सूचना पुलिस को मिली। इस पर रायपुर पुलिस की टीम भोपाल पहुंची। जहां से आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। जिसे पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। इस मामले में पूछताछत भी आरोपी से की जा रही है।

