काफिले में तीनों विधायकों की गाड़ी टकराई,तीनों विधायक स्वास्थ्य मंत्री की गाड़ी में थे सवार
दुर्ग-भिलाई – जिले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के काफिले में आज एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन विधायकों की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हालांकि, इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ है।
घटना तब हुई जब स्वास्थ्य मंत्री के काफिले में शामिल पूर्व विधायक सावला राम डहरे, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवड़ा और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की गाड़ियां अचानक आपस में भिड़ गईं। इस टक्कर में तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
गनीमत रही कि सभी विधायक हादसे के समय स्वास्थ्य मंत्री की गाड़ी में सवार थे, अन्यथा यह लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किसके चालक की गलती से हुआ।

