सांसदों की सैलरी में 24 प्रतिशत बढ़ी, मिलेगी 1 लाख 24 हजार सैलरी
दिल्ली – देश में अब सांसदों को 1 लाख 24 हजार रुपये सैलरी मिलेगी। केंद्र सरकार ने सांसदों की सैलरी 24 प्रतिशत बढ़ा दी है। सैलरी में बढ़ोतरी कॉस्ट इन्फ्लेशन इंडेक्स के आधार पर हुई है। बढ़ी हुई सैलरी 1 अप्रैल 2023 से लागू होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार ने पूर्व सांसदों की पेंशन भी बढ़ाई है।
केंद्र सरकार ने सांसदों के डेली अलाउंस और पूर्व सांसदों की पेंशन भी बढ़ाई है। डेली अलाउंस 2000 से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया है। वहीं पूर्व सांसदों की पेंशन 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 31 हजार रुपये महीने कर दी गई है। वहीं 5 साल से ज्यादा समय तक सांसद रहे सदस्यों को दी जाने वाली एक्सट्रा पेंशन भी 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई है।

लोकसभा में सदस्यों की संख्या 545 होती है। वर्तमान में 543 सदस्य हैं। 543 सदस्य सीधे जनता चुनती है। वहीं 2 सदस्य राष्ट्रपति नॉमिनेट करते हैं। लोकसभा के सदस्यों का कार्यकाल 5 साल का होता है।

राज्यसभा में सदस्यों की संख्या 250 होती है। वर्तमान में 245 सांसद हैं। 233 सदस्य विधानसभा के सदस्यों द्वारा चुने जाते हैं। 12 सदस्य राष्ट्रपति नॉमिनेट करते हैं। इनमें साहित्य, कला, विज्ञान, खेल क्षेत्र से और सोशल एक्टिविस्ट शामिल होते हैं। राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल 6 साल का होता है। हर 2 साल में 1 तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं।

