March 6, 2026

किसान ने तहसील परिसर में खाया जहर, प्रशासन की लापरवाही से था परेशान, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

0
Screenshot_2025-03-12-21-53-02-79_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_806x605

बलौदाबाजार – जिले के सुहेला में एक किसान ने प्रशासन की उदासीनता से परेशान होकर तहसील कार्यालय के बाहर जहर खा लिया। किसान हीरालाल साहू भूमि विवाद को लेकर लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रहे थे।

बार-बार तारीख मिलने से हताश किसान ने आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं किसान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हीरालाल साहू, निवासी बुढ़गहन गांव अपनी जमीन पर कब्जे को लेकर परेशान थे। यह मामला सुहेला तहसील में लंबित था। किसान लंबे समय से न्याय के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ अगली तारीख दी जाती रही।

सोमवार को जब किसान को फिर से अगली पेशी की तारीख दी गई, तो वह मानसिक रूप से टूट गए। तहसील कार्यालय से बाहर निकलते ही उन्होंने जहर खा लिया। मौके पर मौजूद लोगों और तहसीलदार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुहेला में किसान का इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन में हलचल मच गई। किसान संगठनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। उनका कहना है कि प्रशासन की निष्क्रियता किसानों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने एसडीएम सिमगा अंशुल वर्मा को जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed