आरक्षक का जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव,हत्या या आत्महत्या अभी कारण स्पष्ट नहीं,पुलिस दोनों एंगल से कर रही है जांच
जगदलपुर – बड़ांजी थाने में तैनात एक आरक्षक नवलेश कश्यप (25 वर्ष) ने आत्महत्या कर ली। आरक्षक का शव टाकरागुड़ा के जंगल में एक पेड़ पर लटका हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पंचनामा किया और उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। आत्महत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
नवलेश कश्यप बड़ांजी थाने में तैनात आरक्षक थे। इससे पहले वह डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनकी उम्र महज 25 साल थी। उनके परिजन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से मामले की जांच की मांग की।
नवलेश कश्यप के परिजनों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि नवलेश के व्यवहार में हाल ही में कोई बदलाव नहीं देखा गया था, जिससे उनकी आत्महत्या का कारण समझ से परे है।

