गर्ल्स कॉलेज की छात्रा का अपहरण, बीच सड़क से उठा ले गए कार सवार युवक, पुलिस को अब तक नहीं मिला कोई सुराग
अंबिकापुर – गर्ल्स कॉलेज से लौट रही छात्रा का कार सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। छात्रा ने खुद अपने पिता को कॉल कर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकता छात्रा की सकुशल बरामदगी है।
राजमोहनी देवी पीजी कॉलेज की बी.कॉम सेकंड ईयर की छात्रा खुशी दुबे शनिवार को कॉलेज गई थी। शाम करीब पांच बजे जब वह घर लौट रही थी, तभी गौरव पथ पर कार सवार युवक आए और उसे जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए।
अपहरण के कुछ देर बाद खुशी दुबे ने अपने पिता को फोन किया। उसने बताया कि तीन-चार युवक उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जा रहे हैं। इससे पहले कि पिता कुछ पूछ पाते, उसका फोन बंद हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मणिपुर थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस की जांच जारी है, लेकिन देर रात तक छात्रा का कोई पता नहीं चला था। पुलिस छात्रा के मोबाइल को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।

