शिक्षा विभाग में फर्जी आदेश से मचा हड़कंप,मंत्रालय से 6 शिक्षकों का कर दिया ट्रांसफर,राखी थाना में शिकायत दर्ज
रायपुर – छत्तीसगढ़ नवा रायपुर में शिक्षा विभाग से जारी एक फर्जी स्थानांतरण आदेश ने हड़कंप मचा दिया है। यह आदेश महानदी मंत्रालय से निकला बताया जा रहा है। विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा ने इस मामले में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनके नाम से किसी ने फर्जी आदेश जारी किया है। उन्होंने इसकी शिकायत राखी थाने में दर्ज करवाई है।

आरपी वर्मा ने शिक्षा संचालक दिव्या मिश्रा को लिखे पत्र में बताया कि 1 मार्च को 6 व्याख्याताओं और शिक्षकों का जो स्थानांतरण आदेश जारी किया गया है, वह पूरी तरह से फर्जी है। उन्होंने इस आदेश को अवैध बताते हुए तत्काल जांच कर एक्शन के लिए कहा है।
इस पत्र की प्रति संभागीय संयुक्त संचालकों बस्तर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के साथ-साथ रायपुर, कोंडागांव, धमतरी, कोरबा, बेमेतरा, बिलासपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद और दुर्ग के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को भी भेजी गई है। इन्हीं जिलों में शिक्षकों और व्याख्याताओं का स्थानांतरण किया गया था।
फर्जी आदेश में जिन शिक्षकों और व्याख्याताओं का स्थानांतरण किया गया है, उनमें शामिल हैं- व्याख्याता गुलाबचंद सागर को केशकाल से करतला। हिना नायक को कुर्रा से रायपुरा। आशिमा साहू को नवागढ़ से बिलासपुर। अनामिका तिवारी को लिमतरा से कोटा। शिक्षक मनहरण लाल कुभंकार को मैनपुर से पाली। सहायक शिक्षक हेमंत कुमार को टांडा से उफरा।

