रायपुर महापौर के बेटे का सड़क पर जन्मदिन मनाते वीडियो वायरल: SP-कलेक्टर बोले हो सकती है जेल
रायपुर – महापौर मीनल चौबे के बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह सड़क पर केक काटते हुए देखे जा सकते हैं। बता दें, यह वीडियो रायपुर की सड़कों पर आतिशबाजी करते हुए जन्मदिन मनाने के समय का है। इस वीडियो के सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल राजधानी में सड़क पर केक काटने को लेकर एसपी और कलेक्टर ने एक संयुक्त अपील की है। कलेक्टर ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने को कहा है। साथ ही एसएसपी ने चेतावनी भी दी है कि सड़क पर केक काटने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है। ऐसा करना जेल की सजा का कारण भी बन सकता है। एसएसपी और कलेक्टर दोनों ने रायपुर वासियों से इस तरह की गतिविधियों से बचने और सुरक्षित तरीके से अपना उत्सव मनाने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने विधानसभा की उच्च स्तरीय बैठक में सड़कों पर जन्मदिन मनाने, पंडाल लगाने और भंडारा आयोजित कराने जैसे कार्यक्रमों को हतोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक यातायात बाधित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

