पुलिस ने पकड़ी डेढ़ करोड़ की शराब, ट्रक में सीमेंट की बोरियों के नीचे दबी थीं 790 पेटियां; पंजाब से जा रही थी बिहार
जशपुर – पुलिस ने एक ट्रक से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की पंजाब में बनी अंग्रेजी शराब पकड़ी है. शराब को ट्रक में सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था. ट्रक से 790 पेटियों में शराब की 22 हजार 536 बोतल बरामद हुई हैं. यह शराब झारखंड से छत्तीसगढ़ के रास्ते बिहार भेजी जा रही थी. जशपुर पुलिस ने दुलदूला थाना इलाके के लोरो घाट के पास यह कार्रवाई की है. साथ ही ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया है.
दरअसल, जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से एक 12 पहिया ट्रक अवैध अंग्रेजी शराब लेकर झारखंड और बिहार की ओर जा रहा है. इसके बाद जशपुर पुलिस की टीम ने ट्रक को पकड़ने के लिए चेकिंग शुरू कर दी. इस दौरान दुलदूला थाना क्षेत्र के लोरो घाट के नीचे एक ढाबा के पास एक ट्रक पहुंचा. पुलिस को उसी ट्रक पर संदेह था और घेराबंदी कर उसे रोक लिया.
कार्रवाई के दौरान जब ट्रक की चेकिंग की गई तो ट्रक में 100 से ज्यादा पुट्टी सीमेंट की बोरी रखी हुई थी. जब बोरियों को हटाकर देखा तो नीचे शराब की पेटियां रखी थीं. शराब तस्करों ने बोरियों से शराब की पेटियों से बड़े शातिराना तरीके से छिपाया था.
पुलिस ने बोरियों को हटाकर ट्रक से 790 पेटियों में शराब की 22 हजार 536 बोतल बरामद की हैं. इनकी बाजार में कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये है. पुलिस ने ट्रक, शराब को जब्त कर लिया है. पुलिस ट्रक चालक श्रवण सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

