June 14, 2026

जवानों ने 12 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया, 5 महिला नक्सली भी शामिल,शिनाख्त की प्रक्रिया जारी,भारी मात्रा में हथियार साहित्य किए बरामद

0
IMG-20250118-WA0003

बीजापुर – जिले के दक्षिण बस्तर क्षेत्र के पामेड़-बासागुड़ा-उसूर इलाके में गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 12 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें 5 महिला नक्सली भी शामिल हैं।

मारे गए नक्सलियों के शव और अन्य सामान को बरामद कर सुरक्षा बल जिले के मुख्यालय पर पहुंचे हैं, और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों के सामने भारी पड़ते देख, माओवादियों के PLGA बटालियन नंबर 01 और CRC कंपनी के सदस्य जंगलों और पहाड़ियों की ओर भाग गए। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने माओवादियों के कैम्प को नष्ट कर दिया और भारी मात्रा में हथियार तथा माओवादी साहित्य बरामद किए। बरामद किए गए हथियारों में दो 303 रायफल, एक 12 बोर रायफल, एक 315 बोर रायफल, एक राकेट लॉन्चर और तीन बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य भी बरामद हुआ।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज, सुंदरराज पी. ने बताया कि नक्सल विरोधी सर्च अभियान के तहत बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा के जिला क्षेत्रों में माओवादियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी सुकमा, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ और अन्य बटालियनों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। 16 जनवरी को सुबह 09:00 बजे से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई, जिसके बाद 12 कुख्यात माओवादियों के शव, हथियार और माओवादी सामग्री बरामद की गई।

आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि 2024 में नक्सल विरोधी अभियानों में मिली सफलता के बाद, 2025 में भी बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों द्वारा माओवादी संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पिछले 16 दिनों में कुल 25 कुख्यात नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed