March 10, 2026

150 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 22 की मौत

0
010

जम्मू कश्मीर के जम्मू जिले में गुरुवार को श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस के सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से 22 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 69 अन्य घायल हो गए। इनमें 57 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चोकी चोरा क्षेत्र में तांगली मोड़ पर यह बस सड़क से फिसलकर करीब 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में 22 लोगों की जान चली गयी जबकि 69 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बस हरियाणा के कुरूक्षेत्र से श्रद्धालुओं को जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में स्थित शिवखोड़ी ले जा रही थी। पहले अधिकारियों ने कहा था कि यह हादसा राजौरी जिले में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया है एवं घायलों को अखनूर अस्पताल एवं जम्मू के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया। हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed