पिता ने किया बच्चों पर हमला, 11 साल की बेटी को कुल्हाड़ी से काटा… बाल-बाल बचा बेटा
झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के डीघल गांव में शनिवार को पिता ने बेटे-बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बच्चों की मां ने धक्का देकर बेटे की जान तो बचा ली पर आरोपी ने सो रही 11 साल की बेटी के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने बच्चों की मां के बयान पर पति के खिलाफ केस दर्जकर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में ललिता पत्नी आनंद ने आरोप लगाया कि उसका पति नशे का आदी है। शुक्रवार रात परिवार के सदस्य खाना खाकर कमरे में सो गए थे। शनिवार सुबह 5:00 बजे अचानक उसकी नींद खुली तो देखा आनंद हाथ में कुल्हाड़ी लिए खड़ा था। जैसे ही वह बेटे रौनक (9) पर कुल्हाड़ी से वार करने लगा तो उसने उसे धक्का दे दिया। बेटा तो बच गया लेकिन आरोपी ने बाद में बेटी दीपिका (11) की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। दीपिका की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ललिता के बयान पर आरोपी आनंद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

