CG में नेताओं की जासूसी,भूपेश बघेल और दीपक बैज ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर – छत्तीसगढ़ में जासूसी विवाद को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राज्य सरकार पर कांग्रेस नेताओं की जासूसी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उनके मोबाइल फोन सर्विलांस पर हैं और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने झीरम घाटी हत्याकांड का जिक्र करते हुए पर सरकार पर सवाल भी उठाया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “मेरा फोन सर्विलांस पर है। मेरे आसपास हमेशा इंटेलिजेंस के लोग मौजूद रहते हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान LIB के लोग मेरी बातों को सुनते हैं। सरकार कांग्रेस नेताओं की जासूसी करा रही है।” उन्होंने कहा कि सरकार कांग्रेस नेताओं की हर गतिविधि पर नजर रख रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। इससे पहले पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी जासूसी कराने का आरोप लगाया था।
आपको बता दें कि हाल ही में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी आरोप लगाया था कि उनके घर की रेकी कर जासूसी की जा रही थी। उनका आरोप है कि पिछले दो रातों से दंतेवाड़ा पुलिस की सीजी 17 गाड़ी लगातार 24 घंटे रायपुर स्थित उनके सरकारी आवास की रेकी कर रही थी, जिसे उन्होंने पैदल चलते हुए पकड़ा। स्थानीय गंज थाने के टीआई को भी इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने दंतेवाड़ा के एडिशनल एसपी से भी बात की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। वे बिना किसी दस्तावेज के यहां आए थे।

