EOW/ACB की बड़ी कार्रवाई, स्टील उद्योगपति समेत 20 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी
छत्तीसगढ़ – आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा के करीबी लोगों के खिलाफ ईओडब्ल्यू और एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह से ही राज्य के कई अलग-अलग जिलों में एक साथ 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस छापेमारी में सबसे अहम कार्रवाई दुर्ग जिले में चल रही है, जहां आम्रपाली सोसाइटी स्थित स्टील व्यवसायी अशोक अग्रवाल के निवास पर ईओडब्ल्यू की टीम जांच कर रही है। अशोक अग्रवाल स्टील इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं और उन्हें लखमा का नजदीकी माना जा रहा है। उनके घर से बैंक खातों की जानकारी और स्टील कारोबार से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
दुर्ग,भिलाई,महासमुंद,धमतरी,रायपुर इन सभी स्थानों पर ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीमें अलग-अलग समय पर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की प्रक्रिया शुरू की।
ईओडब्ल्यू और एसीबी की संयुक्त कार्रवाई में करीब 9 वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। इन अधिकारियों ने संबंधित निवासों से दस्तावेज जब्त कर, वित्तीय लेन-देन, बैंक स्टेटमेंट और प्रॉपर्टी से जुड़े कागजों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

