ट्रांसफार्मरों के खुले फ्यूज बाक्स हादसे को दे रहे न्योता- माना कैम्प
रायपुर/ माना – बिजली कंपनी की लापरवाही के चलते माना नगर में लगे ट्रांसफार्मरों के खुले फ्यूज बाक्स हादसे को न्योता दे रहे हैं। जिनकी चपेट में आकर लोग दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। लेकिन विभाग को इससे कोई लेना देना नहीं है। जिन जगहों पर खुले फ्यूज बाक्स लगे हैं वे नगर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में आते हैं। मुख्य मार्गों से लेकर गली- मोहल्लों में रखे हुए ज्यादातर ट्रांसफार्मर के बाक्स खुले पड़े हैं। इस वजह से कभी भी हादसा हो सकता है। बरसात के दिनों में बाक्स के खुले पड़े तरंगित तार से करंट लगने का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद भी इस ओर जिम्मेदार ध्यान नहीं देते हैं।

जानकारी के मुताबिक रायपुर से लगे माना कैम्प में बिजली सप्लाई के लिए विभाग ने अलग – अलग स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगवाए गए हैं, लेकिन ट्रांसफार्मरों पर लगाए गए फ्यूज बाक्स खुले छोड़ दिए गए हैं, तो कहीं फ्यूज बाक्स लगाए ही नहीं हैं। जो हादसे को निमंत्रण दे रहे है। बिजली कंपनी के जिम्मेदारों का ध्यान बिल वसूली पर है पर सुरक्षा के प्रति अनदेखी की जा रही है।
नगर में हाल ये है कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर के नीचे लगे फ्यूज बाक्स खुले पड़े हुए हैं। फ्यूज बाक्स के पास लोग कचरा भी फेंक देते हैं और कचरा बिनने वाले बच्चे से लेकर मवेशी भी यहां कुछ खाने की तलाश में पहुंच जाते हैं ऐसे में वे कभी भी करंट की चपेट में आ सकते हैं । बरसात में करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाएगा।

ट्रांसफार्मर को नहीं किया जाता है सुरक्षित
व्यस्ततम इलाकों और कालोनियों में लगे ट्रांसफार्मर को चारों तरफ से सुरक्षित घेरा करने का नियम है मगर एक भी ट्रांसफार्मर को अभी तक सुरक्षित घेरा नहीं किया गया है। ट्रांसफार्मर के घेरे में नहीं होने की वजह से हादसे की आशंका कम रहती है।

