March 12, 2026

रेत माफिया ने आरक्षक को उतारा मौत के घाट, आईजी ने एक्शन लेते हुए थानेदार को किया सस्पेंड

0
Rait-Mafiya

बलरामपुर – जिले से रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। अवैध रेत खनन पर कार्रवाई के दौरान रेत माफियाओं ने पेट्रोलिंग कर रहे एक ईमानदार कांस्टेबल को बेरहमी से ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला। यह घटना सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम लिबरा की है, जहां कनहर नदी में लंबे समय से अवैध रेत खनन का गोरखधंधा चल रहा था।

मृतक आरक्षक शिव बचन सिंह उस वक्त अपने ड्यूटी पर तैनात थे, जब पुलिस टीम को अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद मौके पर रवाना किया गया। जैसे ही रेत से लदा ट्रैक्टर मौके से भागने लगा, कांस्टेबल शिव बचन सिंह ने सामने से उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन माफिया मानसिकता से लबरेज चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय कांस्टेबल को बेरहमी से कुचल दिया और ट्रैक्टर समेत फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल आरक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी और पुलिस विभाग के भीतर भारी आक्रोश देखा गया।

इस बर्बर हत्या के बाद सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने सख्त एक्शन लेते हुए सनावल थाना प्रभारी दिव्य कांत पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित (CG TI Suspend) कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ की ज़मीन पर अब माफियाराज को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस पूरी घटना में जो भी दोषी होंगे, चाहे वे माफिया हों या सरकारी संरक्षण देने वाले, किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed